कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज सिरोंज तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय पहुंचकर सर्वप्रथम उप पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि विभाग से संबंधित शासन की गाइडलाइन की सूची कार्यालय के बाहर प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि नागरिकों को आवश्यक जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सके। साथ ही जिन रजिस्ट्रीयों पर रोक है, उनकी सर्वे नंबर सहित सूची भी कार्यालय के बाहर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री गुप्ता ने साइबर रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अपनी समस्याएं लेकर कार्यालय पहुंचे आवेदकों से उन्होंने संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। कलेक्टर के निर्देश पर सभी आवेदकों से उनकी समस्याओं संबंधी आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के एसडीओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में क्रियान्वित कार्यों, स्टाफ एवं अन्य विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा विभागीय कार्यों का समयबद्ध रूप से संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।