भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण की निर्धारित समय-सारणी, विशेष कैम्पों के आयोजन तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा के निर्देशानुसार प्रदेश में पुनरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विकास मिश्रा ने जिले में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निर्धारित समय-सारणी के अनुसार होगा पुनरीक्षण

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है।

चार दिन आयोजित होंगे विशेष कैम्प

निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण के अंतर्गत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 21 नवंबर, 22 नवंबर, 5 दिसंबर एवं 6 दिसंबर 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्पों में मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त करने, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए बीएलओ से संपर्क किया जा सकेगा।

पात्र नागरिकों से नाम जुड़वाने की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें। नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर संशोधन के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।

संबंधित अधिकारियों को विशेष कैम्पों के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आवश्यक संशोधन कराने का अवसर मिल सके।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीपी पाण्डेय, उपखंड अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, गोपद बनास प्रिया पाठक, सिहावल राकेश शुक्ला, कुसमी सागर जैन सहित भाजपा से अमित प्रधान, कम्युनिस्ट पार्टी से सुंदर सिंह बाघेल, कांग्रेस से अखंड प्रताप सिंह, बसपा से रामलाल विश्वकर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।