भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार मध्यप्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समय-सारणी निर्धारित की गई है। मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने आयोग के निर्देश अनुसार प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को तदानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में श्योपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जायेगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवलाल शाक्य ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 2 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन का कार्य किया जायेगा, इसके उपरांत 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करने की अवधि रहेगी। 28 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निराकरण किया जायेगा तथा 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन संपन्न होगा।