मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने दिशा समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार द्वारा इसी वर्ष से शुरू की गई द्वारिका योजना के तहत शहरी अधोसंरचनाओं को विकसित करने सहित सडक और नालों के निर्माण आदि कार्यो को शामिल करते हुए प्रस्ताव तैयार किये जायें तथा प्रस्ताव की कॉपी उन्हें भी दी जायें, जिससे नगरीय निकायों के लिए यह कार्य स्वीकृत कराये जा सकेंगे।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान, विधायक श्री बाबू जण्डेल, डीएफओ कूनो श्री आर थिरूकुराल, सामान्य श्री केएस रंधा, सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री शिवलाल शाक्य, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, जनपद अध्यक्ष श्योपुर श्रीमती रीना आशीष मीणा, कराहल श्रीमती बत्तो बाई आदिवासी, श्री नरेश रावत, श्री लक्ष्मीशंकर शर्मा, श्री भारत सिंह गुर्जर, श्री नरेश कुशवाह, श्री पूरण आर्य, बनवाडा सरपंच श्रीमती विनिता बाई, श्रीमती निर्मला सिकरवार सहित अन्य सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।
सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि कूनो टूरिज्म को बढावा देने के लिए कार्य किया जायें और सभी विभाग मिलकर टूरिज्म को विकसित करने की दिशा में कार्य करें, जिससे श्योपुर जिले के विकास को ओर अधिक गति मिलेगी तथा आर्थिक संपन्नता के साथ ही रोजगार के अवसर निर्मित होंगे।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने बैठक में बताया कि जिले के अधोसंरचनात्मक विकास को निरंतर गति मिल रही है, पीएमजीएसवाय-4 योजना में हाल ही में 48 सडको के नये टेण्डर हुए है तथा पीएम जनमन में 57 सडके बनाई जायेंगी। सलापुरा से मातासूला तक 6 किलोमीटर सडक निर्माण की डीपीआर भी भेजी गई है।
उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवदा बांध की सुरक्षा जांच समिति के माध्यम से कराई जायें तथा मरम्मत आदि कार्यो के लिए उनके माध्यम से पुनः प्रस्ताव भेजे जायें। उन्होंने कृषि उपज मंडी लिंक रोड निर्माण का प्रस्ताव भी मंडी बोर्ड को भेजने के निर्देश दिये, साथ ही वर्तमान समय में आवागमन की सुलभता के लिए मरम्मत कराये जाने के निर्देश भी दिये।
बैठक में बताया गया कि कूनों नेशनल पार्क के लिए टिकटोली गेट को ही मुख्य रूप से विकसित किया जा रहा है, कूनो सफारी के लिए यहां जिप्सियां भी उपलब्ध है, सफारी के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा संचालित है तथा शीघ्र ही कूनों वनमंडल श्योपुर कार्यालय में बुकिंग के लिए काउंटर भी शुरू किया जा रहा है। एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा टिकटोली गेट पर पर्यटको की सुविधा के लिए भवन भी बनाये जा रहे है।
वर्तमान में कूनो में 49 चीते है, 03 चीते गांधी सागर में है। जानकारी दी गई कि पिछले तीन वर्षो में पर्यटको की संख्या लगातार बढी है, वर्ष 2023-24 में जहां 3 हजार 251 पर्यटक कूनो आये थे, वही 2024-25 में इनकी संख्या 4007 रही तथा वर्ष 2025-26 में कुल 9 हजार 117 पर्यटको ने कूनो का भ्रमण किया।
बरोली, मानपुर, ढीमचौतरा, बगदिया में बनेगे 33 केव्ही सब स्टेशन
बिजली विभाग की समीक्षा में बताया गया कि ग्राम बरोली, मानपुर, ढीमचौतरा एवं बगदिया में 33 केव्ही नवीन विधुत सब स्टेशन बनाये जाने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इसके साथ ही आमल्दा और गोपालपुरा में भी सब स्टेशन प्रस्तावित किये गये है।
इसके साथ ही अटल गृह ज्योति योजना अंतर्गत शासन द्वारा प्रदाय की जा रही सबसिडी के बारे में बताया गया कि 100 यूनिट तक की खपत पर उपभोक्ताओं को सिर्फ 100 रूपये का बिल देना पडता है, इसी प्रकार 5 रूपये में नवीन कनेक्शन प्रदाय किये जाने और एससी-एसटी के कृषको को 5 एचपी तक निशुल्क बिजली उपलब्ध कराये जाने की जानकारी भी प्रदान की गई।
श्योपुर-ढोढर सहित 9 सडके मजबूतीकरण में शामिल
पीएमजीएसवाय के अधिकारियों ने बताया कि श्योपुर-ढोढर सहित जिले की 9 सडके मजबूतीकरण में शामिल की गई है, जिसकी प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही पीएमजीएसवाय-4 में 48 सडको के टेण्डर हो गये है। पीडब्ल्यूडी द्वारा जानकारी दी गई कि चिमलवानी से पटपडा मार्ग पूर्ण हो गया है तथा ननावद से गुढा तक काम चल रहा है। सलापुरा से मातासूला तक सडक निर्माण की डीपीआर बनाकर भेज दी गई है।
सरजूपुरा से मालीपुरा तक 3 किलोमीटर सडक निर्माण के लिए टेण्डर लगाये जा रहे है। रेलवे विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि श्यामपुर एवं टर्राकलां में अंडरपास को दुरूस्त कर दिया गया है। जानकारी दी गई कि ग्वालियर-श्योपुर ब्रॉडगेज लाईन का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है तथा मार्च 2027 तक इसे शुरू कर दिया जायेगा।
सामान्य वनमंडल डीएफओ श्री केएस रंधा ने बताया कि तेदूंपत्ता बोनस वितरण के लिए 1 करोड 32 लाख 3 हजार 333 रूपये की राशि प्राप्त हो गई है। 15 समितियों के माध्यम से तेदूंपत्ता श्रमिको को बोनस का वितरण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि हितग्राहीमूलक योजना के तहत 51 कृषको के यहां बांस के 22 हजार 338 पौधे लगाये गये है।
