सेवा संकल्प ज्योति यात्रा के तहत टेक्निकल स्कूल परिसर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले आइकॉन को जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में शिक्षा, समाजसेवा, खेल एवं कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली जिले की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित शिक्षक श्री लालजी तिवारी, समाजसेवी श्री सेखर दण्ड, अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेटर सुश्री पूजा वस्त्रकार, प्रगतिशील किसान श्री भोल्ली सिंह, फुटबॉलर सुश्री लक्ष्मी सहीस, सुहानी कोल, सानिया कुण्डे, वीरेन्द्र बैगा, प्रीतम कुमार तथा मनीष घसिया को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक जैसीनगर श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी, विधायक ब्यौहारी श्री शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा एवं जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा सहित जनप्रतिनिधियों ने जिले के इन आइकॉन को सम्मानित किया। सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि जिले की प्रतिभाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत, लगन और उपलब्धियों से शहडोल का नाम गौरवान्वित कर रही हैं। ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों का सम्मान समाज के अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने और अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
सम्मानित प्रतिभाओं ने भी इस अवसर पर अपने अनुभव साझा किए तथा जिले में उन्हें मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही युवाओं एवं नागरिकों को अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संदेश दिया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प ज्योति यात्रा के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र प्रथम की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।