राजगढ़ जिला अपने ऐतिहासिक महलों, प्राचीन मंदिरों, बांधों और पर्यटन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। जिले का नरसिंहगढ़ क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता, चिड़ी खो झील, नरसिंहगढ़ किले, वन्यजीव अभयारण्य और प्राचीन मंदिरों के कारण मालवा का कश्मीर कहा जाता है। नरसिंहगढ़ शहर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा कंतोड़ा बाईपास का निर्माण और चौड़ीकरण कराया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के प्रयासों से प्रदेश में सड़कों के विकास का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में नरसिंहगढ़ शहर क्षेत्र में सागपुर बाईपास से छतरी चौराहा, बाराद्वारी होते हुए कंतोड़ा बाईपास तक सड़क का उन्नयन किया गया है।
लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना पर 1,782.53 लाख रुपये, यानी करीब 17.82 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। यह सड़क लगभग 4.40 किलोमीटर लंबी और 11.5 मीटर चौड़ी है। सड़क का निर्माण आरसीसी से किया गया है, जिससे बारिश के दिनों में होने वाली जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले यहां सड़क कच्ची और संकरी थी। कई जगहों पर केवल डामर की सिंगल लेन सड़क थी। इसके कारण आने-जाने वाले लोगों, मंडी में सब्जी और अन्य सामान बेचने वालों तथा किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई लोगों को मंडी तक पहुंचने में तीन से चार घंटे तक का समय लग जाता था।
बाईपास बनने के बाद लोगों के आवागमन का समय कम हुआ है। अब किसान अपनी फसलों को आसानी से नरसिंहगढ़ मंडी तक पहुंचा पा रहे हैं। सड़क बनने से स्थानीय व्यापार को भी सुविधा मिली है और बड़े वाहनों का आवागमन सुचारु हुआ है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-52 और आसपास के स्थानीय संपर्क मार्गों को जोड़ता है। इससे बैरसिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल रहा है। सड़क निर्माण के बाद नरसिंहगढ़ के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान हो गई है। इनमें नरसिंहगढ़ फोर्ट, चिड़ी खो झील, वन्यजीव अभयारण्य, बड़ा महादेव, छोटा महादेव, हिंगलाज माता मंदिर और साका श्यामजी मंदिर प्रमुख हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरसीसी सड़क बनने से बारिश और सामान्य दिनों में आवागमन अधिक सुविधाजनक हो गया है। स्कूल बसों, बड़े वाहनों और आसपास के गांवों से आने वाले लोगों को भी अब परेशानी नहीं होती। धार्मिक आयोजनों और भंडारों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रास्ता सुगम हो गया है। बाईपास बनने के बाद नरसिंहगढ़ में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र का वातावरण बेहद सुंदर है और सड़क सुविधा बेहतर होने से किले, झील और मंदिरों तक पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा किए गए इस सड़क निर्माण कार्य से नरसिंहगढ़ शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मिला है। सड़क सुविधा में सुधार से किसानों, व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाभ पहुंच रहा है। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।