मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़वानी जिले के गायत्री धाम कलाल्दा में आयोजित होने वाले शरद उत्सव कार्यक्रम में सहभागिता के लिए पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गायत्री धाम स्थित सप्त गौ परिक्रमा मंदिर में विधि-विधान से गौ पूजन एवं गौ सेवा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौ सेवा को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग बताते हुए जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव का संदेश दिया। उन्होंने गौ माता के धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य, बड़वानी जिले के प्रभारी मंत्री एवं कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल, विधायक श्री श्याम बर्डे, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुमेर सिंह सोलंकी, शांतिकुंज प्रतिनिधि श्री प्रमोद भटनागर, श्री मेवालाल पाटीदार सहित अन्य गणमान्यजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
