सीहोर तहसील के ग्राम बिजौरी में पदस्थ पटवारी सुश्री सुरभि राठौर कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल पेश कर रही हैं। हाथ में फ्रैक्चर होने और प्लास्टर चढ़ा होने के बावजूद वे स्वामित्व अधिकार योजना के तहत दस्तावेजों के पंजीयन का कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कर रही हैं। शारीरिक कठिनाइयों के बीच भी अपने दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में कोई कमी नहीं आई है। यही लगन और कार्य के प्रति समर्पण उन्हें जिले के अन्य पटवारियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहा है।
अपने काम के प्रति समर्पण के बल पर सुरभि राठौर स्वामित्व योजना के तहत दस्तावेजों के पंजीयन में जिले के शीर्ष 10 पटवारियों में शामिल हैं। उनकी काम के प्रति निष्ठा यह दर्शाती है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के सामने बाधा नहीं बन सकतीं। सुरभि राठौर का कार्य उन सभी पटवारियों के लिए प्रेरणा है, जो अपने दायित्वों के निर्वहन के साथ आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाने में जुटे हैं। उनका समर्पण यह संदेश देता है कि शासकीय सेवा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प भी है।
स्वामित्व अधिकार योजना ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों के वैधानिक अधिकार संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। दस्तावेजों के पंजीयन से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति पर अधिकार का प्रमाण मिलता है, जिससे भविष्य में संपत्ति संबंधी विवादों को कम करने और आवश्यकतानुसार बैंक ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में मदद मिल सकती है। इस महत्वपूर्ण कार्य को समय पर पूरा करना ग्रामीणों के हितों से जुड़ा है। पटवारी सुरभि राठौर इसी जनहित के महत्व को समझते हुए विपरीत परिस्थितियों में भी पंजीयन कार्य को प्राथमिकता दे रही हैं। सीहोर एसडीएम श्री तन्मय वर्मा ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत दस्तावेजों के पंजीयन का कार्य सरकार की सर्वाधिक प्राथमिकता का कार्य है। सभी पटवारियों को प्रेरित किया जा रहा है कि लक्ष्य के अनुरूप समय पर पंजीयन का कार्य पूरा किया जाये।