एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) बरगवां, सिंगरौली के विद्यार्थियों ने भरगदा, केसला (नर्मदापुरम) में आयोजित 5वीं ईएमआरएस राज्य स्तरीय एथलेटिक मीट में उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं सिंगरौली जिले का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं के छात्र नीरज सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण एवं दो रजत पदक अपने नाम किए। नीरज सिंह ने लंबी कूद, 100 मीटर दौड़ तथा 4×100 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक, जबकि गोला फेंक एवं ऊंची कूद में रजत पदक हासिल किया।
इसी क्रम में कक्षा 8वीं के छात्र उदय लाल ने 4×100 मीटर रिले दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, सिंगरौली श्रीमती रेखा पांचाल, विद्यालय के प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ द्वारा खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। खिलाड़ियों की सफलता में कोच श्रीमती गीता राजपूत के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की भी सराहना की गई।विद्यालय परिसर पहुंचने पर दोनों विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ ने नीरज सिंह एवं उदय लाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
