मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची के संबंध में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा पात्र मतदाताओं से नाम जोड़ने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म- 6 प्राप्त किए जा रहे हैं। शिविर के दौरान बीएलओ द्वारा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं संबंधित निर्वाचन प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही प्राप्त आवेदनों एवं अन्य आवश्यक जानकारी का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संधारण एवं कार्यवाही की जा रही है। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार फॉर्म- 6 के साथ किसी भी प्रकार का घोषणा-पत्र नहीं लिया जाएगा। पात्र नागरिक निर्धारित अवधि में अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
विशेष शिविरों के माध्यम से विशेष रूप से ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इसके साथ ही मतदाताओं को अपने नाम एवं मतदाता सूची से संबंधित विवरण की जांच करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील है कि वे 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में उपस्थित होकर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें तथा पात्र होने की स्थिति में निर्धारित फॉर्म- 6 प्रस्तुत करें।