अनूपपुर जिले में महीनेभर चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत अमरकंटक से हुई। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिलेभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां जनभागीदारी के साथ आयोजित करने की योजना है।

प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री और अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर पूजा-अर्चना कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद आरती कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण की कामना की गई।

21 बटुकों ने किया वेद मंत्रों का उच्चारण

मां नर्मदा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 21 बटुकों ने वेद मंत्रों का उच्चारण किया। पूजा और आरती के साथ अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई।

स्वच्छता और सामाजिक सेवा से लोगों को जोड़ने का लक्ष्य

प्रभारी मंत्री अहिरवार ने कहा कि मां नर्मदा मध्यप्रदेश की जीवनरेखा हैं और अमरकंटक का पूरे प्रदेश में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। उनके अनुसार अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के साथ जनसेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वच्छ और सुंदर जिले के लिए सामूहिक प्रयासों के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

कार्यक्रम में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग और श्री नर्मदे हर सेवा न्यास के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी और वनमंडलाधिकारी डेविड व्यंकटराव चनाप सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए।