समय का सदुपयोग, आत्म अनुशासन, निरंतर प्रयास और कड़ी मेहनत जीवन में सफलता की राह को आसान बनाते हैं। ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है, जिसने जीवन में कभी किसी समस्या का सामना न किया हो। आवश्यकता इस बात की है कि समस्या के आकार को समझते हुए उससे कई गुना बड़े प्रयास के साथ उसके समाधान तक निरंतर प्रयास किया जाए। यह बात जनजातीय कार्य विभाग के संभागीय उपायुक्त जे.पी. यादव ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टंसार एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टंसार के विद्यार्थियों के साथ आयोजित प्रेरणा संवाद में कही।

श्री यादव ने विद्यार्थियों को समय के महत्व को समझाते हुए कहा कि समय की चाल को कोई रोक नहीं सकता, इसलिए समय की कद्र करना सीखें। आज का काम कल पर टालने से कार्य का बोझ बढ़ता जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन का कार्य उसी दिन पूरा करने की आदत विकसित करने की सीख दी। उन्होंने “कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” का संदेश देते हुए विद्यार्थियों के साथ “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती” कविता का सामूहिक पाठ भी किया।

उन्होंने कहा कि आत्म अनुशासन के बिना जीवन बिना मांझी की पतवार के समान है। विद्यार्थियों को किसी अन्य व्यक्ति से अपनी तुलना करने के बजाय स्वयं से प्रतियोगिता करते हुए निरंतर बेहतर बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य के लिए अनेक त्याग करते हैं और उनकी मेहनत का वास्तविक प्रतिफल बच्चों की सफलता से मिलता है।

लगभग दो घंटे चले प्रेरणा संवाद में संभागीय उपायुक्त ने विद्यार्थियों से समय प्रबंधन, प्रयास, कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतरता, एकाग्रता और जुनून जैसे विषयों पर संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने भी संवाद में सहभागिता की।

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य रामपाल सिंह, शिक्षकगण तथा दोनों विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने प्रेरणा संवाद को उत्साहवर्धक एवं मार्गदर्शन प्रदान करने वाला बताया।