वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के अवसर पर सांदीपनी विद्यालय मलाजखंड में वन विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए वन्यजीव संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से वन्यजीवों और प्रकृति के संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने चित्रों में बाघ सहित विभिन्न वन्यजीवों, वन क्षेत्रों, जैव विविधता तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया।
चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वन संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन के महत्व की जानकारी दी। विद्यालय के प्राचार्य श्री गंगा प्रसाद कटरे ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना समय की आवश्यकता है।
ऐसे आयोजन बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के उत्साह एवं रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की गई। अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए “वन बचाएं वन्यजीव बचाएं, पर्यावरण बचाएं” का संदेश दिया गया।
