वित्तीय सेवाएं विभाग ( DFS), भारत सरकार एवं संस्थागत वित्त संचालनालय के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में विदिशा जिले की सभी 577 ग्राम पंचायतों में जनसुरक्षा योजनाओं के संतृप्ति अभियान का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 21 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 31 दिसंबर 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनसुरक्षा एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं से जोड़ते हुए योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

21 अक्टूबर को होगा विशेष शिविर का शुभारंभ

अभियान के शुभारंभ अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को पंजाब नेशनल बैंक के कृषक प्रशिक्षण केंद्र, इदगाह चौराहा, विदिशा में प्रातः 11 बजे से विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक ( RBI) के क्षेत्रीय निदेशक ( Regional Director), भारतीय स्टेट बैंक ( SBI) के मुख्य महाप्रबंधक, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं राजनीतिक प्रतिनिधि, समस्त बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक/नियंत्रक अधिकारी तथा जिले के विभिन्न बैंकों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

577 ग्राम पंचायतों में लगेंगे बैंकिंग एवं जनसुरक्षा शिविर

संतृप्ति अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त बैंक शाखाओं द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में ग्रामीणों एवं पात्र हितग्राहियों को जनसुरक्षा योजनाओं में शामिल करने के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।

अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ( PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना ( PMSBY), अटल पेंशन योजना ( APY), प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, री-केवाईसी सहित विभिन्न वित्तीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर रहेगा।

कम प्रीमियम में बीमा सुरक्षा का मिलेगा लाभ

शिविरों के माध्यम से नागरिकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम में दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध है, जबकि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम में जीवन बीमा कवर का प्रावधान है। पात्र हितग्राही दुर्घटना अथवा जीवन बीमा से संबंधित निर्धारित लाभ प्राप्त कर सकते हैं। दुर्घटना में मृत्यु अथवा निर्धारित परिस्थितियों में अंग-भंग होने पर योजनाओं के प्रावधानों के अनुसार दावा राशि प्राप्त की जा सकती है।

अटल पेंशन, मुद्रा एवं जन-धन योजना से भी जोड़े जाएंगे हितग्राही

अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को अटल पेंशन योजना से जोड़ने के साथ प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से स्वरोजगार एवं छोटे व्यवसाय के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता की जानकारी दी जाएगी। वहीं जिन नागरिकों के बैंक खातों में री-केवाईसी लंबित है, उनकी री-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने तथा पात्र नागरिकों को जन-धन खातों से जोड़ने के लिए भी शिविरों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला अग्रणी प्रबंधक ने की शिविरों में पहुंचने की अपील

जिला अग्रणी प्रबंधक ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले जनसुरक्षा कैम्प में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। विशेष रूप से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ पात्र नागरिक अवश्य लें, ताकि कम वार्षिक प्रीमियम में स्वयं एवं अपने परिवार को बीमा सुरक्षा प्रदान की जा सके।

उन्होंने नागरिकों से अपने बैंक खाते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर शिविर में पहुंचने तथा बैंक अधिकारियों से संपर्क कर री-केवाईसी, जन-धन खाता, बीमा, पेंशन एवं मुद्रा योजना सहित अन्य उपलब्ध बैंकिंग सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया है।

जिला प्रशासन द्वारा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं बैंकिंग संस्थाओं के समन्वय से ग्राम पंचायत स्तर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को वित्तीय सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर संतृप्ति की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाना है।