मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार मंडला जिले के समस्त मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं के पंजीयन तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को शिविर के प्रथम दिन जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने एवं पंजीयन संबंधी प्रक्रिया पूरी की।

विशेष शिविर का आयोजन 7 से 9 अक्टूबर तक किया जा रहा है। शिविर के दौरान ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा पात्र नए मतदाता, अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

मतदाता पंजीयन की सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक म्ब्प्छम्ज् के माध्यम से फॉर्म- 6 भरकर अपना मतदाता पंजीयन आवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। इस बार प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है तथा पूर्व में मांगे जाने वाले घोषणा-पत्र की आवश्यकता नहीं होने से नागरिकों के लिए पंजीयन प्रक्रिया अधिक सहज हो गई है।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष शिविर का लाभ उठाएं और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। यदि आपका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है या कोई पात्र मतदाता नाम दर्ज होने से छूट गया है, तो 8 एवं 9 अक्टूबर को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुँचकर पंजीयन अवश्य कराएं।