सहायक कृषि यंत्री ने जानकारी दी है कि फसलों की कटाई के बाद खेतों में बचने वाले फसल अवशेषों (नरवाई पराली) को जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन कर मिटटी की उर्वरता बढाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है। नरवाई जलाने से मिटटी के लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं तथा मिटटी में जैविक पदार्थ एवं कार्बन की मात्रा घटती है। मिटटी की उर्वरता, संरचना एवं जलधारण क्षमता ये सभी नरवाई जलाने से प्रभावित होते है वायु प्रदूषण बढता है। इसके अलावा आग फैलने से खेत एवं आसपास की संपत्ति को नुकसान हो सकता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए जिले के किसानों से अपील है कि नरवाई जलाने के स्थान पर उन्नत कृषि यंत्रों एवं आधुनिक तकनीकों के माध्यम से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें। नरवाई प्रबंधन के लिए सुपर सीडर, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS), स्ट्रॉरीपर, रोटावेटर जैसी तकनीकों का उपयोग किया जा सकता है। धान के बाद गेहूँ की बुवाई के लिए खेत की जुताई किये बिना जीरो टिलेज सीडड्रील या सुपरसीडर या हैप्पी सीडर का उपयोग कर गेहूँ की बुवाई असानी से की जा सकती है। स्ट्रॉरीपर से नरवाई का उपयोग कर भूसा तैयार किया जा सकता है। स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) की सहायता से कम्बाईन हार्वेस्टर दद्वारा कटाई के दौरान फसल अवशेषों को छोटे-छोटे टुकटों में काटकर खेत में समान रूप से फैलाया जा सकता है। इसी प्रकार रीपर, रीपर कम बाईंडर एवं रोटावेटर आदि का भी नरवाई प्रबंधन में उपयोग किया जा सकता है।
पराली न जलाएं, खेत में मिलाकर बढ़ाएं मिट्टी की उर्वरा शक्ति
उन्नत कृषि यंत्रों एवं आधुनिक तकनीकों के माध्यम से फसल अवशेषों का करें उचित प्रबंधन