उमरिया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरुवाही में आयोजित लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरण कार्यक्रम के बाद प्रेस से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, कृषि एवं सिंचाई, पर्यटन विकास और नगरीय निकायों से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि लाड़ली बहना योजना की राशि बहनों के खातों में अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में 136 विभिन्न विकास कार्यों के लिए 144 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया। प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने के साथ पहले से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए भी समय-समय पर राशि जारी कर रही है, ताकि योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचता रहे।

कृषि, सिंचाई और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर उमरिया और आसपास के क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रयास किए जा रहे हैं। उद्योग-धंधों के माध्यम से आर्थिक समृद्धि बढ़ाने के साथ कृषि आधारित गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेती-किसानी से जुड़ी योजनाओं और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ प्रत्येक खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।

बांधवगढ़ सहित शहडोल संभाग में पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बांधवगढ़, उमरिया, अनूपपुर और शहडोल का क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण संभावनाएं रखता है। इस पूरे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अमरकंटक में नर्मदा तट के आसपास पर्यावरण हितैषी योजनाएं प्रारंभ करने के संकल्प का भी उल्लेख किया।

जनगणना के आंकड़ों के आधार पर लिए जाएंगे निर्णय

नगरीय निकायों से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित विषयों के परीक्षण के लिए आयोग गठित किया गया है। आयोग की रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे निर्णय लेगी। उन्होंने बताया कि आगामी जनगणना को ध्यान में रखते हुए कुछ मामलों में फिलहाल प्रतीक्षा की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों के गठन और जनसंख्या आधारित अन्य निर्णयों में आबादी महत्वपूर्ण आधार होती है। वर्ष 2011 के बाद लंबे समय से जनगणना नहीं होने के कारण सरकार चाहती है कि नए आंकड़ों के आधार पर तथ्यों का उचित आकलन किया जाए और विकास संबंधी निर्णय अधिक सटीक तरीके से लिए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक समृद्धि, कृषि एवं पर्यटन विकास और जनसंख्या के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।