मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आज लहार के न्यू बस स्टैंड परिसर में जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर भिण्ड श्री पवन जैन ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, लोकसेवा प्रबंधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगर पंचायत, राशन से संबंधित कुल 310 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 300 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया।
कलेक्टर श्री जैन ने शिविर के दौरान मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना की 01 तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना की 02, वृद्धावस्था पेंशन के 03, कुल 06 पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड श्री वीरसिंह चौहान, एसडीएम लहार श्री प्रदीप मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री पवन जैन ने कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए सभी विभागों के अधिकारी इस शिविर में उपस्थित रहते हैं, सभी लोगों से आग्रह है कि अपनी समस्याओं से हमें जरूर अवगत कराएं ताकि उनका निराकरण किया जा सके।
राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताकर निराकरण कराएं और सभी विभाग अधिकारियों से भी अनुरोध है कि अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शासकीय योजनाओं का लाभ लोगों को दें।
कलेक्टर श्री जैन ने शिविर में उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना के लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और सभी से इन योजनाओं में बीमा कराने का आग्रह किया ताकि दुर्घटना होने पर लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी, सीडीपीओ और सुपरवाइजर को निर्देशित कर कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की पहुंच हर घर तक होती है। वे सभी गांव में घर-घर जाकर पीएमजीवन ज्योति योजना और पीएम जीवन सुरक्षा योजना अंतर्गत बीमा कराने के लिए लोगों को प्रेरित करें। साथ ही दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और कल्याणी पेंशन हेतु पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर लाभ दिलाने में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने बैंकर्स और सभी विभाग अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि किसी भी तरह की पेंशन योजना में मिल रही सहायता राशि से उनके लोन की रिकवरी नहीं होगी। अगर ऐसा कोई करता है तो तत्काल सूचना दें, संबंधित बैंकर्स पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि आंगनवाड़ी में बच्चे जाएं, उनको पूरा पोषण आहार मिले। गर्भवती माता-बहनों को टेक होम राशन का लाभ मिले और उनका समय-समय पर वैक्सीनेशन होना चाहिए। साथ ही शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर को नीचे लाने का दायित्व स्वास्थ्य विभाग के समस्त स्टाफ, आशा कार्यकर्ता, एएनएम के साथ-साथ महिला बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का भी है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को सुनिश्चित करना है कि कोई गर्भवती जिसकी डिलेवरी होने वाली है, अगर वो हाई रिस्क महिला है तो उसको 15 दिन पहले हॉस्पिटल में भर्ती कराने का कार्य करें ताकि जच्चा और बच्चा दोनों की जान बचाई जा सके।
कलेक्टर श्री पवन जैन ने कहा कि आने वाले 15 दिन के अंदर पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से एक अभियान चलाकर फोती नामांतरण के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा, इसके बाद अगर किसी तहसील न्यायालय में फोती नामांतरण का एक भी प्रकरण लंबित रहता है तो इसकी सूचना दें, संबंधित को 500 रूपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके बाद सामान्य नामांतरण और बटवारा के लंबित प्रकरणों का भी निराकरण करने का अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने उपस्थित सभी से आग्रह किया कि फसल कटाई के बाद खेतों में पराली नहीं जलाएं, पराली जलाने से खेतों की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है, साथ ही प्रदूषण भी होता है। उन्होंने स्वामित्व योजना अंतर्गत आबादी भूमि के पट्टों की रजिस्ट्री कराने का समझाइश दी।
पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा ने कहा कि आज के समय में नए तरह के जो अपराध हो रहे हैं, सायबर संबंधी या पैसा डबल करने का ऑनलाइन और ऑफलाइन दुकान चलाते हैं, इन सब झंझटों में नहीं पड़ें। अगर इस तरह का काम कहीं चल रहा है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। कोई आपको मोबाईल फोन पर डरा धमकाकर या सरकारी योजना बताकर अलग अलग तरीके से ओटीपी या कोई न कोई तरीके से आपके मोबाइल का कंट्रोल लेना चाहता है, तो सतर्क रहें सावधानी बरतें, किसी के बहकावे में नहीं आएं किसी भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी से पूछें और सूचना दें। साथ ही कहीं अगर कोई अवैध गतिविधि चल रही है तो तत्काल इसकी सूचना संबंधित थाने में जरूर दें।
