कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 07, 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को जिले के मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा फॉर्म-6 के माध्यम से नवीन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भरसट ने अपील करते हुए कहा कि ऐसे नागरिक, जिनकी आयु 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है अथवा जिनका नाम वर्तमान में मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या किसी कारणवश पूर्व में मतदाता सूची से नाम विलोपित हो गया है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इसलिए जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी पात्र नागरिक इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना सुनिश्चित करें।