जबलपुर के विकास में पंजाबी समाज के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। धर्म और सनातन संस्कृति के प्रति समाज का आग्रह ऐसे आयोजनों में स्पष्ट दिखाई देता है। वर्षों से आयोजित हो रहा पंजाबी दशहरा जबलपुर के प्रमुख पर्वों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। ये उदगार लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने आज शाम आयुर्वेदिक कॉलेज ग्राउंड में आयोजित पंजाबी हिन्दू दशहरा महोत्सव को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।
पंजाबी हिन्दू दशहरा महोत्सव में रावण और कुंभकरण के 75 फुट ऊँचे के पुतले का दहन किया गया। पंजाबी हिन्दू दशहरा महोत्सव का शुभारंभ भगवान श्री राम के पूजन से हुआ। स्थानीय कलाकारों ने संस्कृतिक प्रस्तुतियां दी तथा आकर्षक आतिशबाजी भी की गई। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, नृसिंहपीठाधीश्वर स्वामी नृसिंहदेवाचार्य महाराज, साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी, पूर्व विधायक श्री विनय सक्सेना, पंजाबी हिन्दू एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में आगे कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें असत्य और अहंकार के प्रतीक रावण के दहन के माध्यम से यह संदेश देता है कि जीत हमेशा सत्य की होती है। इसलिए हमें सदैव सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। हमारे पूर्वजों ने प्रत्येक त्योहार के माध्यम से समाज को कोई न कोई सीख देने की परंपरा विकसित की है। ऐसे पर्व सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि पंजाबी दशहरा आयोजन ने जबलपुर में विशेष स्थान बनाया है। अगले वर्ष इस आयोजन का 75वां वर्ष होगा। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी ओर से 5 लाख रुपए देने की घोषणा करते हुए कहा कि समिति चाहे तो यह राशि तत्काल प्राप्त कर सकती है और इसका उपयोग अगले वर्ष के आयोजन में कर सकती है।
जबलपुर में तेजी से हो रहे विकास कार्य:-
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर निरंतर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। पहले से एक फ्लाईओवर है, जबकि चार और फ्लाईओवर बनाए जाने की योजना है। इसके अलावा शहर में विकास के अन्य बड़े कार्य भी किए जाएंगे, जो आने वाले वर्षों में जबलपुर को नई पहचान देंगे।
मंत्री श्री सिंह ने बताया कि जबलपुर में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी बड़ी उपलब्धि साबित होगा। मुख्यमंत्री के हाथों इसका भूमिपूजन कराया जाएगा। प्रभु श्रीराम और गुरुजनों के आशीर्वाद तथा सभी के सहयोग से जबलपुर विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को नवरात्रि और विजयादशमी की शुभकामनाएं भी दीं।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दशहरा हमारी परंपरा और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। जबलपुर में पारंपरिक तरीके से दशहरा मनाया जाता है। पंजाबी हिन्दू दशहरा शहर का ऐतिहासिक आयोजन है, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होकर रावण दहन देखते हैं। पहले यह आयोजन रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में होता था, लेकिन पिछले कई वर्षों से आयुर्वेदिक कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है।
महापौर श्री अन्नू ने कहा कि रावण दहन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने का भी दिन है। हमें अपने भीतर छिपी बुराइयों, अधर्म और अनैतिकता को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रभु श्रीराम और मां नर्मदा से सभी के कल्याण एवं सुख-समृद्धि की प्रार्थना की तथा दशहरा उत्सव में संतों और जनप्रतिनिधियों व नागरिकों का अभिवादन किया। इस अवसर पर नृसिंहपीठाधीश्वर स्वामी नृसिंहदेवाचार्य महाराज और साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी ने अपना आशीर्वचन दिया।