पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा नृसिंह दास जी महाराज के आश्रम में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन एवं गौपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन भी उपस्थितजनों ने सुना।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की उप संचालक डॉ. ज्योति तिवारी तथा नृसिंह देवाचार्य महाराज उपस्थित थे।
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के महत्व और उसके संरक्षण का संदेश देती है। हरित क्रांति के बाद देश खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर हुआ है, लेकिन अब प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर लौटने की आवश्यकता है। इसके लिए रासायनिक खादों पर निर्भरता कम कर जैविक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि गायें प्राकृतिक खेती का महत्वपूर्ण आधार हैं। वृंदावन ग्राम योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 500 से अधिक पशुधन क्षमता वाली वृंदावन गौशाला स्थापित करने की पहल की जा रही है। उन्होंने हर घर में गाय और हर खेत में जैविक खाद का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उप संचालक डॉ. ज्योति तिवारी ने वृंदावन ग्राम योजना एवं गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जिले के चार नंदलाल ग्रामों गौरहा भिटौनी, बेलखेड़ा एवं पड़वार के पशुपालकों ने भारतीय नस्ल की गायों के दुग्ध उत्पादन के आधार पर भाग लिया। प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली गायों को प्रतियोगिता के लिए पात्र माना गया। इसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया था।
उन्होंने बताया कि बेलखेड़ा के तीन, गौरहा भिटौनी के दो और पड़वार के एक पशुपालक ने पुरस्कार प्राप्त किया। गौरहा भिटौनी की महिला पशुपालक श्रीमती कल्लो बाई की गाय ने प्रतिदिन 8.06 लीटर दूध देकर जिले में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य अच्छी नस्ल की गायों के पालन, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है।
नृसिंह देवाचार्य महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति संरक्षण, गौवंश की रक्षा और मानव कल्याण का संदेश देती है। गोवर्धन पूजा हमें अपनी परंपराओं, प्रकृति और गौमाता के प्रति कृतज्ञता एवं सेवा का भाव रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा गौवंश संरक्षण और गौशालाओं के संचालन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा की।
पुरस्कार राशि सिंगल क्लिक से खातों में अंतरित
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार राशि, प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में गौरहा भिटौनी की महिला पशुपालक श्रीमती कल्लो बाई की गाय ने प्रतिदिन 8.081 लीटर दूध देकर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार ग्राम गौरहा भिटोनी से श्री घसीटा पटेल, ग्राम बेलघेड़ा से श्री चतुरभुज सिंह, श्री पवन एवं श्री आनंद तथा ग्राम पड़वार से श्री विकास उपाध्याय को भी सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार की क्रमशः एक लाख, 50 हजार एवं 25 हजार रुपये की राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के माध्यम से विजेताओं के बैंक खातों में अंतरित की गई।
इस अवसर पर सनातन धर्म महासभा के महामंत्री श्री अशोक मनोध्याय, पार्षद श्रीमती सोनिया सिंह, गीताधाम गौशाला के पदाधिकारी सहित पशुपालक, गौशाला संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी तथा पशु चिकित्सक उपस्थित थे।