सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पटासी में कल्याण शिविर एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर निराकरण की कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए पात्रतानुसार निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनमें निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय-सीमा में कार्यवाही पूरी की जाए तथा आवेदकों को उनके प्रकरण की प्रगति से अवगत कराया जाए।
शिविर में सीईओ जिला पंचायत सहित जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं विभिन्न विभागों के जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को पात्रतानुसार प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्यवाही करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ लेने तथा किसी भी समस्या के लिए संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की।
इस अवसर पर एसडीएम सोहागपुर श्री भागीरथी लहरें, संयुक्त आयुक्त ग्रामीण विकास श्री एम.पी. सिंह एवं सीईओ जनपद पंचायत सोहागपुर श्रीमती ममता मिश्रा उपस्थित रहीं।
