कृषकों को कृषि यंत्र की खरीदी पर मिलेगा 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान

गेहूँ की कटाई के बाद खेतों में बचने वाले फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन और नरवाई जलाने की समस्या को रोकने के उद्देश्य से स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) सहित आधुनिक कृषि यंत्रों के लिए किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

सहायक कृषि यंत्री कार्यालय छतरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम की सहायता से हार्वेस्टर से गेहूँ की कटाई के दौरान बचने वाले फसल अवशेषों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर खेत में ही उपयोगी बनाया जा सकता है। इससे नरवाई का उचित प्रबंधन करने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलती है।

इच्छुक कृषक कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ लेने के लिए विभागीय पोर्टल www.farmer.mpdage.mp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत पात्र कृषकों को कृषि यंत्रों की खरीदी पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।

कृषकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं और फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर नरवाई जलाने से बचें।