राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर नैनपुर विकासखंड के ग्राम झिरिया निवासी श्रीमती प्रीति उइके ने आत्मनिर्भरता की राह पर कदम बढ़ाते हुए अपने परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में उल्लेखनीय बदलाव किया है। स्वयं सहायता समूह से मिले सहयोग और ऋण के माध्यम से उन्होंने सिलाई कार्य शुरू किया, जो आज उनके परिवार के लिए स्थायी रोजगार का साधन बन गया है।
संघर्ष से आत्मनिर्भरता तक का सफर
श्रीमती प्रीति उइके का परिवार पहले आर्थिक रूप से कमजोर था। परिवार के भरण-पोषण के लिए उनके पति कृषि कार्य करते थे। सामाजिक परिस्थितियों के कारण उन्हें घर से बाहर निकलने और समूह से जुड़ने की अनुमति भी नहीं थी। वर्ष 2023 में आजीविका मिशन की टीम द्वारा चलाए जा रहे सीआरपी राउंड के दौरान उनसे संपर्क किया गया। टीम की लगातार समझाइश के बाद परिवार ने उन्हें स्वयं सहायता समूह से जुड़ने की अनुमति दी। इसके बाद उनका चयन आरवी महिला आजीविका स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष के रूप में हुआ।
समूह के सहयोग से शुरू किया सिलाई कार्य
समूह से जुड़ने के बाद श्रीमती प्रीति ने सिलाई कार्य शुरू करने के लिए 20 हजार रुपये का ऋण लिया। ऋण चुकाने के बाद उन्होंने किराना दुकान की गतिविधि के लिए भी 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। समूह के माध्यम से उन्हें नेतृत्व, समूह संचालन और अन्य आजीविका गतिविधियों से संबंधित प्रशिक्षण भी मिला। इन अवसरों ने उनके आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को बढ़ाया।
मासिक आय में हुआ उल्लेखनीय इजाफा
सिलाई कार्य से मिली सफलता के बाद श्रीमती प्रीति और उनके पति मिलकर सिलाई का काम कर रहे हैं। पहले उनके परिवार की मासिक आय मात्र 4 हजार 500 रुपये थी, जो अब बढ़कर 15 हजार रुपये हो गई है। आय में वृद्धि से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। अब वे अपने बच्चों को शहर में पढ़ा पा रही हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा एवं रहन-सहन उपलब्ध करा रही हैं।
सामाजिक पहचान के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद श्रीमती प्रीति को आर्थिक मजबूती के साथ सामाजिक पहचान भी मिली है। आज लोग उनसे सलाह लेते हैं और सामाजिक कार्यक्रमों में उन्हें सम्मानपूर्वक आमंत्रित करते हैं। वे बीहर महिला आजीविका ग्राम संगठन की सचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। ग्राम संगठन के कार्यालय के माध्यम से महिलाओं को सामूहिक रूप से कार्य करने और ग्राम विकास में भागीदारी का अवसर मिल रहा है।
महिला सशक्तिकरण की बनीं प्रेरणा
श्रीमती प्रीति उइके की सफलता दर्शाती है कि स्वयं सहायता समूहों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी स्थापित कर सकती हैं। आज सिलाई कार्य उनके परिवार के लिए स्थायी रोजगार का साधन है और उनकी कहानी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।