सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन बालाघाट एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को परसवाड़ा में ‘अनकही कहानियों’ का भव्य नाट्य मंचन आयोजित किया गया।

सांदीपनी विद्यालय परसवाड़ा एवं शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय परसवाड़ा में विद्यार्थियों ने सेवा, समर्पण और सुशासन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को संवाद, अभिनय एवं संगीत के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर अतिथियों द्वारा पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

नाट्य प्रस्तुतियों में समाज सेवा, स्वच्छता, शिक्षा तथा जनकल्याण से जुड़ी ऐसी कहानियों को मंच पर प्रस्तुत किया गया, जो सामान्यतः लोगों के बीच चर्चा में नहीं आ पातीं।

विद्यार्थियों के अभिनय और प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया तथा कार्यक्रम की खूब सराहना हुई।कार्यक्रम में वक्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के सेवा भाव, जिम्मेदारी और सहभागिता से संभव है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से समयबद्धता, समर्पण और सेवा भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर सांदीपनी विद्यालय के अध्यक्ष योगेश शरणागत, जनपद उपाध्यक्ष कांतिलाल रहांगडाले, जनपद पंचायत परसवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनाराम उइके, प्राचार्य सोनलराज वानखेड़े, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक महेश पटले, शासकीय महाविद्यालय परसवाड़ा के जनभागीदारी अध्यक्ष इशाराम तिल्लासी, प्राचार्य डॉ. एल.एल. घोरमारे, डॉ. देवऋषि भलावी, सुनील साहू विकासखंड समन्वयक, नवांकुर संस्था प्रमुख टहेल सिंह पटले सहित सुषमा चौधरी, धुरवंति यादव, परामर्शदाता सोहेन्द्र पंचतीलक, दिनेश वरकड़े, इंदरलाल धुर्वे, योगेश्वरी राहंगडाले, तिमेश्वरी शरणागत, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम की प्रस्तावना कांतिलाल रहांगडाले ने रखी।

आभार प्रदर्शन विकासखंड समन्वयक सुनील साहू ने किया। कार्यक्रम में सांदीपनी विद्यालय एवं महाविद्यालय परिवार सहित लगभग 975 विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।