दीपावली पर्व के दौरान आतिशबाजी के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित विक्रय के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने विस्फोटक नियम, 2008 के नियम 84 के अंतर्गत जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित स्थलों पर अस्थायी आतिशबाजी विक्रय लाइसेंस जारी करने के लिए अधिकृत किया है। यह अनुमति 22 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक निर्धारित स्थलों पर अधिकतम 50 किलोग्राम आतिशबाजी के विक्रय के लिए दी गई है।

जारी आदेश के अनुसार, मुरैना में मेला ग्राउंड, बामौर में वार्ड क्रमांक-07 स्थित पानी की टंकी के पास खुली भूमि, जौरा में कृषि उपज मंडी, अम्बाह में पचासा मैदान तथा पोरसा में गल्ला मंडी के खुले परिसर में आतिशबाजी विक्रय की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसी प्रकार सबलगढ़ में नेहरू महाविद्यालय प्रांगण एवं पानी की टंकी के पास तथा कैलारस में शक्कर कारखाना परिसर में निर्धारित नियमों के तहत आतिशबाजी की दुकानें संचालित की जा सकेंगी। संबंधित अधिकारियों को इन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री जांगिड़ ने निर्देश दिए हैं कि आतिशबाजी का विक्रय केवल वैध लाइसेंस प्राप्त दुकानदार ही कर सकेंगे। दुकानों के बीच न्यूनतम तीन मीटर की दूरी रखना अनिवार्य होगा तथा दो दुकानों के बीच विभाजन के लिए लोहे की चादर का ही उपयोग किया जाएगा। आतिशबाजी का भंडारण लाइसेंस में निर्धारित मात्रा के अनुसार ही किया जा सकेगा। साथ ही, दुकानों के 50 मीटर की परिधि में आतिशबाजी का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा।

सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र, पानी तथा रेत से भरी बाल्टियों की उपलब्धता अनिवार्य की गई है। विक्रय परिसर में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही दुकानों के आसपास चाय एवं अन्य दुकानें लगाने तथा धूम्रपान करने पर प्रतिबंध रहेगा। विद्युत तारों को सुरक्षित ढंग से स्थापित करने, खुले तारों एवं तेल अथवा गैस से संचालित प्रकाश उपकरणों का उपयोग नहीं करने तथा प्रत्येक दुकान में पृथक मुख्य स्विच और सर्किट ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

आतिशबाजी विक्रय स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों द्वारा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। नियमों अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लाइसेंसधारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध लाइसेंस के आतिशबाजी का विक्रय करने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी लाइसेंसधारियों से विस्फोटक नियम, 2008 एवं शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। साथ ही, नागरिकों से दीपावली पर आतिशबाजी का सुरक्षित उपयोग करने तथा आगजनी एवं अन्य दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने का आग्रह किया है।