मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बैतूल नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में उपस्थित नागरिकों को दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य प्राथमिकता से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बैतूल जिले में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही बैतूल आएंगे और जिले में संचालित विकास कार्यों का अवलोकन करेंगे। उन्होंने बैतूल के हिल स्टेशन कुकुरू का उल्लेख करते हुए कहा कि कुकुरू में उन्हें अद्भुत आनंद की अनुभूति हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह भोपाल में आयोजित होने वाले गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन एवं व्यवसाय के माध्यम से पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को गति देना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में बैतूल क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को बधाई दी।