जिले में बागवानी के क्षेत्र में नवाचार की नई कहानी लिखी है ग्राम सोयत के प्रगतिशील किसान श्री चंद्रभान सिंह ने। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने ड्रेगन फ्रूट की खेती कर जिले में प्रथम होने का गौरव हासिल किया है।

श्री चंद्रभान सिंह ने 15 माह पूर्व 1,000 पौधों के साथ 6 उन्नत किस्मों का रोपण किया था। कम पानी में, ऊसर एवं ढलान वाली भूमि पर भी सफल होने वाली यह विदेशी फल (पिताया) की फसल 12 से 18 माह में ही फल देने लगी है। प्रथम बार में ही उन्हें 4 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ है, जिसे स्थानीय बाजार में 150 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय कर लगभग 60 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई है। भविष्य में पौधों के पूर्ण विकसित होने पर उत्पादन 4 गुना तक बढ़ने की संभावना है।

श्री चंद्रभान सिंह की यह पहल जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा बागवानी को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं तथा उद्यानिकी विभाग के तकनीकी सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है।