मध्यप्रदेश शासन के ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास परियोजना भाण्डेर के वार्ड क्रमांक 10 (2) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक भाण्डेर श्री घनश्याम पिरोनिया मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रूपेश पंसारी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं कन्या पूजन से हुआ। इस दौरान अतिथियों द्वारा पौधरोपण किया गया तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान भी किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि श्री घनश्याम पिरोनिया ने अपने उद्बोधन में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र हितग्राही लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं। कार्यक्रम में महिलाओं को पोषण प्रदर्शन एवं पोषण मटका के माध्यम से पोषण संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही टीकाकरण सहित महिला एवं बाल स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार श्री सुनील भदौरिया, भांडेर परियोजना अधिकारी श्रीराम कुमार गौतम एवं अन्य अधिकारी समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।