कभी खेती के लिए बारिश पर निर्भर रहने वाले बुचकी गांव के किसानों के लिए अब खेतों तक पहुंचता पानी उम्मीद और खुशहाली का आधार बन रहा है। बुचकी जलाशय परियोजना के अंतर्गत 2.5 किलोमीटर लंबी नहर का कार्य पूर्ण होने से गांव के किसानों को सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित हुई है। पानी की उपलब्धता ने खेती को मजबूती देने के साथ किसानों के जीवन में आर्थिक स्थिरता की नई उम्मीद जगाई है।

जल संसाधन विभाग अंतर्गत निर्मित इस परियोजना से बुचकी गांव के 182 हेक्टेयर कृषि योग्य क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होती है। इसका सीधा लाभ गांव के लगभग 323 कृषकों को प्राप्त हो रहा है। अब किसान अपनी फसलों की बेहतर देखभाल कर पा रहे हैं और सिंचाई के भरोसेमंद साधन से कृषि कार्य को अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

सिंचाई सुविधा ने खेतों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आजीविका को भी सुदृढ़ किया है। खेतों तक पहुंचा पानी केवल फसलों के लिए जीवन नहीं, बल्कि किसानों के परिवारों के बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बन गया है।

बुचकी सिंचाई परियोजना ने क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का भरोसेमंद साधन उपलब्ध कराकर कृषि विकास को नई गति दी है। 182 हेक्टेयर क्षेत्र में सुनिश्चित सिंचाई और 323 कृषकों को मिले प्रत्यक्ष लाभ के साथ यह परियोजना गांव की कृषि समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।