भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पूर्व की मतदाता सूची और वर्तमान मतदाता सूची का मिलान कर ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिनके नाम पूर्व की सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। ऐसे मतदाताओं से घर-घर संपर्क कर उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।

पात्र पाए जाने वाले नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे। बीएलओ द्वारा संपर्क किए गए मतदाताओं की जानकारी तथा भरे गए आवेदनों का विवरण निर्धारित सूची में दर्ज कर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध कराया जाएगा। प्राप्त आवेदनों एवं सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विशेष अभियान के तहत मतदान केन्द्रों पर शिविर आयोजित करने के साथ ही रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर एवं वंचित वर्ग के पात्र नागरिकों तक भी पहुंच बनाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा तैयार सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ भी साझा की जाएंगी।

अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शैक्षणिक संस्थानों, जनसंपर्क गतिविधियों, मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों तथा सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें। जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित होने वाले विशेष शिविरों का लाभ उठाकर पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।